पटना , अप्रैल 11 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की अटकलों और तेज होती राजनीतिक गतिविधियों के बीच भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) में शीर्ष पद के लिए भावी योग्य उम्मीदवार के नाम पर लगातार मंथन जारी है और अंतिम नाम पर अनिश्चिता अभी भी बनी हुई है।
बिहार के राजनीतिक गलियारों में कई प्रमुख नाम संभावित मुख्यमंत्री के रूप में चर्चा में हैं, लेकिन प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अनिश्चितता बनी हुई है। इस बीच सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) के घटक दलों के बीच लगातार बातचीत की खबरें भी मिल रही हैं।
पहले से प्रस्तावित दिल्ली में बीजेपी शीर्ष नेतृत्व की कोर कमेटी की प्रस्तावित उच्चस्तरीय बैठक कथित तौर पर बिना किसी स्पष्ट कारण के रद्द कर दी गई। वहीं, बिहार से राजधानी पहुंचे नेताओं के खाली हाथ पटना लौटने की खबर है, जिससे राजग के घटक दलों के बीच मतभेद की अटकलें भी तेज़ हो गई हैं।
मौजूदा अनिश्चितता के बीच, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने आज सुबह पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पर एक अहम बैठक बुलाई, जो दो घंटे से अधिक चली। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने बदलते राजनीतिक हालात, अगले मुख्यमंत्री के चेहरे और संभावित नए मंत्रिमंडल की संरचना जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित