, May 21 -- सड़क निर्माण कार्य एनएचाई की ओर से कराया जा रहा है। पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मुंगेर- भागलपुर-मिर्जा चौकी के बीच यह पहला ग्रीनफील्ड फोर लेन सड़क होगा जिससे लोगों को जाम और दूसरी समस्याओं से स्थायी तौर पर छुटकारा मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार फोरलेन सड़क निर्माण की दिशा में पैकेज एक का कार्य 75.45, दो का 93.13, तीन का 72.2 और अंतिम यानी चार का 90.71 फीसदी पूरा किया जा चुका है। 30 जून तक सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों के आवागमन के लिए इसे खोल दिया जाएगा। इससे मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, घोघा, कहलगांव, पीरपैंती होते हुए मिर्जा चौकी तक का सफर काफी आसान हो जाएगा। साथ ही एक नया कॉरोडोर के रूप में इलाके में उद्योग को तेजी से बढ़ावा मिलेगा।

पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बहुप्रतिक्षित भागलपुर से मिर्जा चौकी के लिए जाने वाली टू-लेन विद पेव्ड शोल्डर 10 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण का कार्य भी आगामी दो महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इस सड़क के बन जाने से जहां स्थानीय नागरिकों को जाम और दूसरी कई समस्याओं से स्थाई तौर पर छुटकारा मिलेगा, वहीं मुंगेर से भागलपुर के बीच आवागमन करने वाले लोगों को यात्रा में सहूलियत बढ़ जाएगी। भागलपुर से मिर्जा चौकी को जोड़ती तत्कालीन पांच मीटर चौड़ी सड़क वर्ष 2018 में आई बाढ़ के बाद कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे सफर के दौरान वाहन चालकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।

इस मामले में विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल का कहना है कि इस बेहद महत्वपूर्ण सड़क का काम जल्द पूरा हो जाएगा। विभाग के स्तर से इसकी निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है, जिससे गुणवत्ता में कोई कमी नहीं हो। इस बेहद महत्वपूर्ण फोर लेन सड़क का निर्माण पूरा होने से बहुत बड़ी आबादी को फायदा मिलेगा और दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बीच दूरी कम होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित