, Sept. 15 -- संपत्ति कर संवर्धन अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए राजस्व पदाधिकारियों के साथ-साथ जोनल निरीक्षकों को भी कर निर्धारण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्थल निरीक्षण के दौरान कर के दायरे से बाहर पाई जाने वाली संपत्तियों का आवश्यक विवरण दर्ज कर उनका कर निर्धारण किया जाएगा। इस कार्य के लिए जोनल निरीक्षकों को अधिकृत आईडी भी उपलब्ध कराई गई है। गुरुवार को मुख्यालय में जोनल निरीक्षकों के लिए इस संबंध में विशेष ट्रेनिंग आयोजित की गई है।पटना नगर निगम द्वारा कर के दायरे से बाहर की सभी संपत्तियों के मालिकों से लगातार अपील की जा रही है कि वे 30 सितंबर तक स्व-कर निर्धारण करते हुए संपत्ति कर का भुगतान सुनिश्चित करें। निर्धारित समय सीमा के बाद निगम की टीमों द्वारा स्थल निरीक्षण के दौरान यदि कोई संपत्ति कर के दायरे से बाहर पाई जाती है, तो नियमानुसार पेनाल्टी सहित कर निर्धारण एवं वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम द्वारा राजस्व संवर्धन अभियान के तहत एक साथ तीन स्तरों पर यथा नई संपत्तियों का कर निर्धारण, पूर्व से निर्धारित संपत्तियों का पुनर्मूल्यांकन तथा बकायेदारों से संपत्ति कर संग्रहण का कार्य किया जा रहा है। निगम की टीमें क्षेत्र में नियमित रूप से स्थल निरीक्षण और डोर-टू-डोर संपर्क कर रही हैं, जिससे अधिक से अधिक संपत्तियों को कर के दायरे में लाया जा सके और निर्धारित कर की वसूली सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित