, April 29 -- मंत्रिमंडल की बैठक में 63 एजेंडों पर मुहर लगी। कैबिनेट में लिए गए निर्णयों के बारे में विस्तृत जानकारी मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने दी। उनके साथ संबंधित विभागों के सचिवों ने भी अपने-अपने विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस मौके पर पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि सारण जिले के अंतर्गत दरिहारा (कोन्हुआ) से गोपालगंज में डुमरिया घाट के बीच 4 लेन ग्रीनफिल्ड सड़क को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि इसकी लंबाई 73.51 किमी है। इनका क्रियान्वयन बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से कराया जाएगा। यह नई सड़क सोनपुर स्थित प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर के साथ बन रहे हरिहरनाथ कॉरिडोर और प्रस्तावित नए एयरपोर्ट को भी जोड़ेगी। इसका नाम नारायणी पथ होगा।

सचिव ने कहा कि बक्सर से आरा-मनेर होते हुए कोईलवर तक गंगा किनारे एक नई सड़क बनाई जाएगी। इसकी लंबाई 90 किमी होगी। इसका नाम विश्वामित्र गंगा पथ रखा गया है। इसे पटना स्थित जेपी गंगा पथ से जोड़ा जाएगा। इसके तैयार होने से पटना से बक्सर और आगे तक जाने में लोगों को काफी सुविधा होगी। इसके अलावा गयाजी में कोठवारा बाजार से इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर के बीच गम्हरिया सामुदायिक भवन के पास फल्गु नदी पर दो लेन का आरसीसी पुल सह पहुंच पथ का निर्माण कराया जाएगा। इसके निर्माण पर 113 करोड़ 84 लाख रुपये का अनुमान है। इसका नाम गयाजी अंबिका पथ रखा गया है। इस पथ की संपर्कता डोभी-चतरा एनएच-99 से भी होगी। साथ ही गया में तैयार हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग कलस्टर से भी यह जुड़ा होगा, जिससे उद्योग लगाने वालों को कहीं से भी आने-जाने में काफी सुविधा होगी।

अपर मुख्य सचिव श्री चौधरी ने बताया कि पटना शहरी क्षेत्र में शहरी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शहरी प्रबंधन इकाई के अंतर्गत एएसपी (नगर व्यवस्था) का पद सृजित किया गया है। इसका काम मुख्य रूप से पुलिसिंग के दृष्टिकोण से बेहतर अनुश्रवण एवं सतत निगरानी तथा पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और स्थानीय निकाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित