मधुबनी , अप्रैल 23 -- बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
समीक्षा के दौरान जाली भारतीय मुद्रा के प्रसार, साइबर फ्रॉड,अवैध दूरसंचार गतिविधियों, म्यूल खातों के बढ़ते उपयोग और फर्जी कंपनियों के संचालन जैसे मामलों पर गंभीर चर्चा की गई।
मुख्य सचिव श्री अमृत ने इन मामलों की गहन जांच कर त्वरित कार्रवाई करने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के समीक्षा के क्रम में तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों एवं गिरोहों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अधिकारियों को एनडीपीएस एक्ट को सख्ती से लागू करने एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित