पटना , मई 27 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)प्रदेश कार्यालय, पटना में आगामी 'मन की बात' कार्यक्रम की व्यापक सफलता एवं संगठनात्मक तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी शामिल हुए और लोगों को संबोधित किया।बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, 'मन की बात' कार्यक्रम के प्रभारी राजेन्द्र सिंह भी उपस्थित होकर प्रदेशभर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
बैठक में जिला पदाधिकारीगण, 'मन की बात' जिला प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, मंडल अध्यक्षगण एवं संगठन के विभिन्न दायित्वधारी कार्यकर्ता वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान आगामी 'मन की बात' कार्यक्रम को लेकर बूथ स्तर तक की तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा कार्यक्रम को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
श्री सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के साथ संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरित करने, सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे इस कार्यक्रम को गांव-गांव, टोला-मोहल्ला एवं बूथ स्तर तक पहुंचाएं, जिससे अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों से जुड़ सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित