नयी दिल्ली , अगस्त 26 -- केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेपाल में मूसलाधार बारिश और ग्लेशियर फटने से बिहार में बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से फोन पर बात कर केन्द्र की तरफ से हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि श्री शाह ने श्री चौधरी से फोन पर बात कर संभावित संकट से निपटने के लिए राज्य सरकार को केन्द्र की तरफ से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
गृह मंत्री ने राज्य सरकार को बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल को तैयार किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि नेपाल-चीन सीमा के पास भूस्खलन और भयानक बाढ़ की घटना में कम से कम 384 पर्यटक और यात्री लापता बताये गये हैं, जबकि आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इस घटना से आसपास भारी तबाही हुई है। नेपाल में आई इस आपदा से उसकी सीमा से सटे भारत के राज्य बिहार में भी बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित