पटना , मई 16 -- बिहार में चार नई फिल्मों के शूटिंग की अनुमति मिल गई है।
इन फिल्मों में 'गिल्टी माइंड', 'हथुआ राज', 'बिहारी फेमस 22 फूड' और 'गुरुद्वारा' शामिल हैं। ये सभी हिंदी फिल्में हैं। गिल्टी माइंड फीचर फिल्म है, जो विकास प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही है। जबकि शेष तीन वृतचित्र हैं, जो प्रबुद्ध इंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही हैं। सूबे की कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से फिल्म प्रोत्साहन नीति लागू होने से फिल्म निर्माताओं और अभिनेताओं को बहुत लाभ मिला है।
फिल्म निर्माताओं के लिए शूटिंग की अनुमति को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस लागू किया गया है। इससे फिल्म शूटिंग के लिए अलग-अलग विभागों में आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ती है। बिहार का कोई भी कलाकार या वेंडर बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की साइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
कला एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम कला के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दे रही है। इस योजना से राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को भी इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए नई दिशा मिल रही है। इस योजना के माध्यम से अबतक कुल 30 विद्यार्थियों को लगभग 19 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। इसके तहत चयनित छात्र छात्राएं देश के प्रतिष्ठित कला संस्थानों जैसे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, सत्यजीत रे फिल्म् एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट में कला शिक्षा हासिल कर रहे हैं। निगम का उद्देश्य है कि वे अधिक से अधिक छात्रों को मंच मिले और वे फिल्म निर्माण, अभिनय, तकनीकी और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित