पटना, अप्रैल 06 -- बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने सोमवार को कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास तेज गति से आगे बढ़ने के साथ बिहार पूर्वी भारत के उभरते औद्योगिक हब के रूप में प्रतिष्ठित हो रहा है।

श्री जायसवाल ने कहा कि बिहार सरकार ने अगले पांच वर्षों में 50 लाख करोड़ निवेश आकर्षित कर प्रदेश में एक करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा है।

श्री जायसवाल ने आज आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उद्योग विभाग की वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और कहा कि वर्ष 2025-26 में राज्य को 747 निवेश प्रस्ताव मिले हैं,जिनकी कुल राशि 17,217 करोड़ से अधिक है। वहीं, 317 निवेशकों को भूमि आवंटन करने के बाद 5500 करोड़ निवेश और 22,500 रोजगार की संभावनाएं बनी हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार ने निवेश को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 2025 और सेमीकंडक्टर नीति 2026 लागू की है। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) निदेशालय और बिहार राज्य विपणन प्राधिकरण के गठन को भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' के तहत सिंगल विंडो सिस्टम लागू कर प्रक्रियाएं सरल बनाई गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित