पटना , अप्रैल 22 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार तथा वित्तीय कुप्रबंधन की वजह से आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रहा है।
श्री यादव ने दावा किया कि राजग सरकार कर्ज के सहारे चल रही है और राज्य को केवल कर्ज के ब्याज के रूप में प्रतिदिन 100 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार के खराब "खराब वित्तीय प्रबंधन" को इसका जिम्मेदार बताया।
राजद नेता ने कहा कि राजग सरकार ने बिहार को 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज के जाल में धकेल दिया है और यह सरकार अब उधारी पर निर्भर हो गई है।
श्री यादव ने सरकार की वित्तीय नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि खजाना खाली होने से प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, छात्रवृत्ति, वेतन और पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं और इनके भुगतान पर धन की कमी का असर पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित