, May 14 -- पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि बेली ब्रिज के निर्माण के लिए चार ट्रक स्टील का फ्रेम कार्यस्थल पर पहुंच चुका है और सीमा सड़क संगठन के वरीय अधिकारी एवं अभियंता दिन- रात मुस्तैद हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को आवागमन में हो रही असुविधा को देखते हुए अगले पंद्रह दिनों में यानी इस माह (मई)के अंतिम सप्ताह तक विक्रमशिला गंगा पुल का एक लेन चालू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि बिहार राज्य पुल निर्माण निगम और जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग कर रही है।

मंत्री ने बताया कि विक्रमशिला गंगा पुल के क्षतिग्रस्त होने से उत्पन्न आवागमन की गंभीर समस्या के मद्देनजर राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की ओर से वैकल्पिक यातायात के तहत भागलपुर और नवगछिया की ओर से बड़ी संख्या में सरकारी एवं निजी नावो सहित स्टीमर का परिचालन किया जा रहा है। उन्होने बताया कि दोनों ओर के घाटों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थाई निवास गृह, जीविका भोजनालय, पेयजल और दंडाधिकारी के देखरेख में पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।

इस मौके पर सीमा सड़क संगठन के मुख्य अभियंता विपिन कुमार सुद,अपर समाहर्ता दिनेश राम एवं जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष कुमार भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित