, Sept. 9 -- पीएमसीएच में मरीजों की सुविधा के लिए अमृत फार्मेसी को नए स्थान पर शुरू किया गया है। अब अस्पताल परिसर में ही मरीजों और परिजनों को सस्ती दरों पर आवश्यक दवाएं एवं सर्जिकल सामान उपलब्ध होंगे। नया केंद्र सर्जिकल भवन, इमरजेंसी और पुराने इमरजेंसी भवन के बीच स्थापित किया गया है। इसका संचालन भारत सरकार के उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। पीएमसीएच में बच्चों के बेहतर इलाज के लिए नीकू और पीकू सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नीकू बेड क्षमता 58 से बढ़ाकर 78 की जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मरीजों के लिए अलग पंजीयन एवं दवा काउंटर की व्यवस्था की गई है। मरीजों और परिजनों के लिए 1000 बेड के रैन बसेरा निर्माण की पहल भी जारी है।
पीएमसीएच में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का उपयोग लगातार बढ़ाया जा रहा है। अस्पताल में टेंडन ट्रांसफर जैसी जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। महिलाओं के उपचार के लिए लैप्रोस्कोपिक और एंडोस्कोपिक सर्जरी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। पहली बार बिना बड़े चीरे के लैप्रोस्कोपिक विधि से गर्भाशय निकालने जैसी आधुनिक सर्जरी भी सफलतापूर्वक की गई है। वहीं, अस्पताल में इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत करने के मद्देनजर हाई लेवल ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। एक छत के नीचे आधुनिक जांच सुविधाएं: पीएमसीएच के नए भवन में सेंट्रलाइज्ड रेडियोलॉजी सिस्टम शुरू किया गया है। इसके माध्यम से मरीजों को एक ही स्थान पर सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड और अन्य जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन जांचों को पटना एम्स की तुलना में 25 प्रतिशत कम शुल्क पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित