मोतिहारी , जुलाई 06 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिला की सीमा से सटे नेपाल के पर्सा जिले की पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102 किलोग्राम 638 ग्राम गांजा के साथ भारतीय (बिहारी) तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त भारतीय नंबर की कार भी जब्त कर ली गई है।

जिला प्रहरी कार्यालय पर्सा से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्र से मादक पदार्थों की बड़ी खेप भारत ले जाए जाने की गुप्त सूचना पर इलाका प्रहरी कार्यालय जानकीटोला की पुलिस ने जगरनाथपुर गांपालिका-2 स्थित भित्री इनरवा जाने वाले चौक पर रविवार देर रात विशेष जांच अभियान चलाया।

इस दौरान नेपाल से भारत की ओर जा रही भारतीय पंजीकरण संख्या बीआर01सीयू3544 वाली एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में बने गुप्त स्थानों से 10 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 102 किलोग्राम 638 ग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने गांजा और कार दोनों को जब्त कर लिया।

पुलिस ने मौके से कार चालक 32 वर्षीय गुड्डू वर्मा, निवासी नवलपुर, जिला पश्चिम चंपारण (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ नेपाल के मादक पदार्थ नियंत्रण संबंधी कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित