, March 20 -- मुख्यमंत्री श्री कुमार ने जिले में चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने इस क्रम में बांके बाजार प्रखंड अंतर्गत बड़की नदी एवं मझियावां नदी पर दो पुल निर्माण कार्य, गया जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंड सह अंचल कार्यालय सह आवासीय भवन का निर्माण, बारा बांध चेकडैम सिंचाई योजना का निर्माण, लावाबार बीयर पईन योजना का प्रारंभ, इमामगंज बाजार से पकरी (झारखंड बॉर्डर) भाया कोठी, सलैया पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, मुफस्सिल मोड़ पर फ्लाईओवर परियोजना का निर्माण, प्रखंड गया सदर के ग्राम दुर्वे में 507 आवासन क्षमतावाले अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य आदि कार्यों के संबंध में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया की सभी कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों को देखा। उन्होंने इस दौरान जीविका दीदियों के उत्पादों एवं कार्यों को देखा और उसकी सराहना की।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने 13,334 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 609 करोड़ सात लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।उन्होंने हस्तकरघा बुनकरों द्वारा किए जा रहे सूत कटाई कार्य को देखा। उन्होंने मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, ग्रामीण विकास, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और विभागों की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के लाभुकों से संवाद किया और उन्हें सांकेतिक चेक प्रदान किया।

श्री कुमार ने बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र, मायापुर, टनकुप्पा के प्रशासनिक सह प्रशिक्षण भवन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को दी जा रही ट्रेनिंग, उनके आवासन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे किसानों का उत्साहवर्धन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित