, March 14 -- श्री कुमार ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि सभी लोगों का सम्मान हो एवं उनका जीवन यापन आसान हो। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को क्रियान्वित करें, जिससे बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधायें देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। बिहार में उद्योग लगाने के लिये उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, जिससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उद्योग लगाने के लिये सभी जिलों में सुविधायें दी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले, बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके एवं उनका भविष्य सुरक्षित हो। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति बनाई गई है, जिससे युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें। राज्य के युवा दक्ष और सक्षम हों इसके लिए सरकार काम कर रही है।

समीक्षा बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधानसचिव/सचिव, मुख्यमंत्री सचिव कुमार रवि, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार सिन्हा, बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित