, May 8 -- श्री मिश्रा ने कहा कि कोई भी शहर उस राज्य के सुशासन एवं विकास का प्रतिबिंब होता है। उन्होंने कहा कि बिहार आने वाला कोई भी व्यक्ति सबसे पहले पटना और अन्य शहरों को देखकर राज्य के विकास की छवि अपने मन में बनाता है। विभाग की कोशिश होगी कि राज्य के सभी 264 नगर निकायों को आवश्यक सहयोग एवं हैंड-होल्डिंग उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे स्थानीय स्तर पर बेहतर कार्य कर सकें। विभाग की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप के लिए स्थल चिह्नित किए गए हैं और यह राज्य के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वाकांक्षी एवं दूरगामी पहल है। उन्होंने बताया कि इन टाउनशिप के विकास के साथ-साथ रोहतास में भी एक प्रस्ताव विचाराधीन है। 11 टाउनशिप को विकसित करना विभाग की प्राथमिकता होगी। इसके अतिरिक्त अन्य शहरी क्षेत्रों के मास्टर प्लान भी तैयार कराए जाएंगे ताकि आने वाले 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।

मंत्री श्री मिश्रा ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में वेस्ट मैनेजमेंट, बिजली व्यवस्था, सिटी सर्विलांस, स्वच्छता एवं आधुनिक नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में विभाग निरंतर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है और वे पूर्ण समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित