, Feb. 27 -- आज आयोजित बैठक में रामचक बैरिया में मवेशियों के लिए विद्युत शवदाह गृह के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया। साथ ही खाजेकलाँ एवं गुलाबीघाट स्थित विद्युत शवदाह गृहों के आधुनिकीकरण एवं मरम्मत को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में सड़क, पथ एवं नाला निर्माण, भूगर्भ नाला कार्य, ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण तथा जलजमाव निवारण से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति मिली। पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिये जलापूर्ति पाइपलाइन विस्तार, हाई यील्ड बोरिंग स्थापना तथा वितरण प्रणाली उन्नयन को अनुमोदन प्रदान किया गया।
क्षतिग्रस्त मैनहोल के निर्माण, मरम्मत एवं प्रतिस्थापन तथा मैनहोल एम्बुलेंस संचालन से संबंधित प्रावधानों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे नागरिक सुरक्षा एवं त्वरित आपदा प्रबंधन को बल मिलेगा। विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन निर्माण, पार्क विकास, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं हरित क्षेत्र विस्तार से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में आवश्यक निर्णय लिए गए। राजस्व संग्रहण के लिये एजेंसी चयन पर भी विचार किया गया।
महापौर श्रीमती सीता साहू ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य विकास कार्यों को तीव्र गति एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कर पटना को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने आश्वस्त किया कि सभी स्वीकृत प्रस्तावों का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाएगा तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से नागरिकों को शीघ्र लाभ प्रदान किया जाएया।
बैठक में सशक्त स्थायी समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित