, May 23 -- श्री नवीन ने कहा कि वर्ष 1951 में स्थापित भारतीय जनसंघ से लेकर आज विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित भाजपा तक की यात्रा संघर्ष, समर्पण और कार्यकर्ताओं की तपस्या का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक दौर में सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने विचारधारा से समझौता नहीं किया और संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। श्री नवीन ने आपातकाल के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए हजारों राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया, जेल गए, लेकिन राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सदैव सिद्धांत आधारित रही है। भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है। भाजपा में बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी संगठन की रीढ़ माना जाता है। यही कार्यकर्ता आधारित संस्कृति भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान देती है। आज भाजपा के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल परिवर्तन तथा वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत पहचान भाजपा सरकारों की प्राथमिकता रही है।

श्री नवीन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग केवल जानकारी प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि वैचारिक मजबूती, संगठनात्मक क्षमता और राष्ट्र सेवा के संकल्प को और सशक्त बनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को भाजपा के इतिहास, विचारधारा और संगठनात्मक संस्कृति को समझकर समाज के बीच ले जाना चाहिए। भाजपा की राजनीति केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के संकल्प से जुड़ी हुई है।

श्री नवीन ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने का आग्रह किया और कहा की कि "भाजपा की यात्रा सत्ता प्राप्ति की यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा की यात्रा है। यह संघर्ष से सफलता तक की यात्रा है। यह कार्यकर्ता आधारित संगठन की शक्ति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यात्रा है।" उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित