, Sept. 3 -- बैठक में मधुबनी के सकरी और दरभंगा के रैयाम में चीनी मिल की स्थापना को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके लिए इंडियन पोटाश लिमिटेड, गन्ना उद्योग विभाग और सहकारिता विभाग के साथ नई दिल्ली में केंद्रीय सहकारिता मंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में मुख्यमंत्री, बिहार और केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष भी प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। सकरी और रैयाम में चीनी मिल के लिए जमीन हस्तांतरण से संबंधित बिहार चीनी उपक्रम (अर्जन) (संशोधन) विधेयक पर स्वीकृति के संबंध में मुख्य सचिव स्तर से महाधिवक्ता से परामर्श लेने का भी निर्देश दिया गया।राज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए जमीन की उपलब्धता पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। मोतिहारी, सारण और भागलपुर के जिलाधिकारियों को जमीन की उपलब्धता के संबंध में मुख्य सचिव स्तर से पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं, बेगूसराय और पूर्णिया जिलों में प्राथमिकता के आधार पर उद्योग विभाग से समन्वय कर चीनी मिल स्थापना के लिए उपयुक्त जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। चकिया (पूर्वी चंपारण) और वारिसलीगंज (नवादा) में प्रस्तावित जमीन का तकनीकी मूल्यांकन/रिपोर्ट राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड (एनसीयूआई), नई दिल्ली के माध्यम से तैयार कराने का निर्देश दिया गया।
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर चीनी मिल की जमीन वापस प्राप्त करने के लिए वित्त विभाग से प्राप्त राशि को इंडियन पोटाश लिमिटेड को नियमानुसार हस्तांतरित करने का निर्देश गन्ना उद्योग विभाग को दिया गया।
वहीं, सासामूसा चीनी मिल की स्थापना के मामले में न्यायालय से प्राप्त आदेश के बाद निवेशक के साथ समन्वय कर मिल की स्थापना की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। हथुआ राज की जमीन के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में बिहार गन्ना उद्योग निवेश प्रोत्साहन नीति-2026 की मार्गदर्शिका में जमीन की उपलब्धता और परियोजना मूल्यांकन से संबंधित प्रावधानों में सुधार करने का निर्देश दिया गया। परियोजनाओं के लिए कमिटेड अप्रूवल की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
वर्द्धन सीबीजी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने सुझाव दिया कि बिहार के निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए जमीन की उपलब्धता एवं परियोजना मूल्यांकन के दौरान बिहार के निवेशकों को पांच अंक का अतिरिक्त वेटेज देने का प्रावधान किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित