पटना , जून 22 -- ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को कहा कि बिहार देश में पहला राज्य है, जहां सरकार ने 6800 खेल मैदानों के लिए एक दिन में स्वीकृति दी और इनमें से करीब छह हजार खेल मैदान बनाए जा चुके हैं। मंत्री श्री कुमार ने विकसित भारत-गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) अधिनियम के तहत यहां आयोजित उन्मुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण विकास विभाग ने गांवों में कई ऐसी महत्वपूर्ण योजनाओं को लागू किया, जो पूरे देश के लिए उदाहरण बना। उन्होंने कहा कि बिहार को जहां कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिले वहीं यहां की योजनाओं को मॉडल के रूप में देश दूसरे राज्यों ने स्वीकार किया।
श्री कुमार ने ग्रामीण विकास विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कहा कि चेक डैम के निर्माण में बिहार को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के साथ-साथ इसके मॉडल को पूरे देश में लागू किया गया। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की समस्या से जूझ रही थी तब तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जल-जीवन-हरियाली अभियान की नींव रखी। उन्होंने कहा कि बिहार के लिए वह ऐतिहासिक पल था जब एक दिन में 18 हजार लंबी मानव शृंखला बनाई गई और करीब पांच करोड़ से अधिक लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर देश दुनिया को संदेश दिया। पोखर, तालाब, पइन, आहर आदि के काम को तेजी से आगे बढ़ाया गया। उन्होंने बताया कि जल जीवन हरियाली अभियान के के तहत बिहार में 20 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इस बार एक करोड़ 25 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
मंत्री श्री कुमार ने बताया कि राज्यों के मनरेगा मजदूरी एक समान न होकर मानदंडों के अनुसार अलग-अलग है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को बिहार की वित्तीय स्थिति की भी समीक्षा करनी चाहिए। दूसरे राज्यों में श्रमिकों को जहां 300-350 रुपये मजदूरी दी जा रही है वहीं बिहार में यह 255 रुपये निर्धारित है। केंद्र सरकार को इस अंतर को पाटने पर विचार करना चाहिए।
श्री कुमार ने अधिकारियों से कृषि और मौसम आधारित योजनाओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मजदूरों को पूर्व के मनरेगा में 100 दिन की बजाय अब वीबी-जी राम जी अधिनियम के तहत 125 दिन की मजदूरी की गारंटी मिलेगी। साथ ही कृषि कार्य के लिए 60 दिन काम बंद रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित