पटना, मार्च 22 -- कला एवं संस्कृति विभाग तथा बिहार संगीत नाटक अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय महिला नाट्य उत्सव का शुभारंभ रविवार को हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने किया। इस अवसर पर मंत्री श्री प्रसाद ने कहा कि 114वां बिहार दिवस हम सभी के लिए हर्ष का विषय है। बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं पुनर्जीवित करने की दिशा में इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी पांच दिनों तक विभिन्न नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नाट्य विधा का उत्कृष्ट मंचन देखने को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जिस गति से बिहार विकास की ओर अग्रसर है, उसी गति से राज्य की कला और संस्कृति को भी आगे बढ़ाना आवश्यक है। सरकार कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के माध्यम से राज्य के वृद्ध कलाकारों को सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, विलुप्त हो रही लोक कलाओं को बचाने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब तक लोकसंस्कृति जीवित है, तब तक राज्य की आत्मा जीवित रहती है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार को एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित