पटना , मार्च 25 -- बिहार के गौरवशाली इतिहास और अस्मिता के महापर्व "बिहार दिवस" के अवसर पर राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय भव्य समारोह में ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से स्थापित विशेष पवेलियन आमलोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इससे पहले बिहार दिवस के उद्घाटन के अवसर पर इस पवेलियन में विभाग की ऐतिहासिक उपलब्धियों को करीब से देखने और जानने के लिए भारी संख्या में आमजन आये।

विभाग ने अपने इस पवेलियन के माध्यम से विभागीय विकास यात्रा की एक सुखद तस्वीर पेश की। इस भव्य प्रदर्शनी में विभाग की प्रमुख उपलब्धियों और दूरगामी योजनाओं को बेहद आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। सुदूर टोलों और बसावटों तक पहुंची पक्की सड़कों एवं नदियों पर बने नए पुलों को आकर्षक मॉडलों तथा डिजिटल डिस्प्ले के जरिए जनता के सामने रखा गया। इस भव्य प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण वहां स्थापित 3-डी मॉडल रहा। इस मॉडल के माध्यम से विभाग ने बहुत ही रचनात्मकता और रोचक ढंग से यह दर्शाया कि किस प्रकार सुदूर टोलों और बसावटों तक पहुंची पक्की सड़कों ने ग्रामीण जीवन की पूरी दशा और दिशा बदल कर रख दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित