, Aug. 11 -- जिलाधिकारी कौशल कुमार ने तिरंगा निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि अपने हुनर और मेहनत से तिरंगा तैयार कर जीविका दीदियां राष्ट्रसेवा के साथ महिला सशक्तीकरण की प्रेरक मिसाल पेश कर रही हैं।उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने जीविका दीदियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप तिरंगा निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की गुणवत्ता और मानकों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। जीविका दीदियों का श्रम राष्ट्रसेवा में महत्वपूर्ण योगदान है और यह गर्व की बात है।
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार के माध्यम से जीविका दीदियों को तिरंगा निर्माण एवं आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है। विभिन्न सिलाई केंद्रों पर तैयार तिरंगों की गुणवत्ता जांच एवं पैकेजिंग के बाद जिला प्रशासन के निर्देशानुसार संबंधित विभागों एवं संस्थानों को निर्धारित संख्या में इनकी आपूर्ति की जा रही है।
जीविका के संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि जीविका के सहयोग और प्रशिक्षण से सिलाई एवं वस्त्र निर्माण हजारों दीदियों के लिए आजीविका और स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन रहा है। कई महिलाएं आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए वस्त्र तैयार कर आय अर्जित कर रही हैं, जबकि प्रशिक्षित दीदियां अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ रही हैं। इससे कौशल विकास, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत चक्र विकसित हो रहा है।
किरतपुर प्रखंड की जीविका दीदी रिंकी सिंह ने कहा कि अपने हाथों से तिरंगा तैयार कर राष्ट्रध्वज निर्माण में योगदान देने का अवसर उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि तिरंगा निर्माण उनके लिए केवल आय का जरिया नहीं, बल्कि हुनर और देशभक्ति का संगम है।
जिले के विभिन्न सिलाई केंद्रों पर स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों और संकुल संघों से जुड़ी हजारों जीविका दीदियां तिरंगा निर्माण में सक्रिय भागीदारी कर रही हैं। इससे महिलाओं को रोजगार एवं आय का अवसर मिलने के साथ ही राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने का गौरव भी मिल रहा है।
जिले में इस वर्ष वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने की थीम पर हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया जा रहा है। जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायत स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान के तहत तिरंगा थीम पर आधारित प्रकाश स्तंभ, मेरी माटी-मेरा देश एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के साथ वंदे मातरम् प्रदर्शनी, तिरंगा रैली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, सेल्फी विद तिरंगा, तिरंगा यात्रा और संकल्प विद तिरंगा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित