, March 16 -- जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने पटना जिला अन्तर्गत सभी सरकारी (अग्निशाम, पीएचईडी एवं अन्य) तथा निजी हाईड्रेन्ट एवं जलश्रोतों को क्रियाशील रखने का निदेश दिया है। उन्होंने अग्निशामालयों तथा थानों में प्रतिनियुक्त सभी अग्निशामक वाहनों को ड्राइवर एवं अन्य संसाधनों सहित 24x7 मुस्तैद रखने का निदेश दिया है, जिससे आवश्यकता की घड़ी में इसे तुरत घटना स्थल पर भेजा जाए। अग्निशामक वाहनों एवं पंपों में खराबी आने पर अतिशीघ्र उसे नियमानुसार मरम्मती करा कर चालन की स्थिति में रखें।

डॉ. त्यागराजन ने विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को भी बिजली के तारों को सुरक्षित ऊँचाई (12 फीट से अधिक) पर व्यवस्थित करने का निदेश दिया है, जिससे फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को आवश्यकता पड़ने पर गली-कूचियों में सुगमतापूर्वक पहुँचाया जा सके। उन्होंने जिले के सभी पंचायतों में अग्नि कांड के हिसाब से अतिसंवेदनशील जगहों के रूट चार्ट को नियमित तौर पर अद्यतन करने का निदेश दिया। उन्होंने सभी अग्निशामालयों से अग्निशामक वाहनों में उपलब्ध वितंतु सेट और मोबाइल सेट को सदैव कार्यरत रखने का निदेश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि अग्नि की विभीषिका से बचाव के लिये सभी स्टेकहोल्डर्स द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर, एसओपी) का अनुपालन किया जाना अनिवार्य है। जिला प्रशासन पटना द्वारा नियमित तौर पर विभिन्न माध्यमों यथा प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, होर्डिंग बैनर इत्यादि माध्यमों से जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आम जनता अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक हों। यह सभी के लिए आवश्यक है।

ज़िलाधिकारी ने कहा कि आपदा प्रबंधन प्रोटोकॉल के अनुरूप अग्निकांड की सूचना प्राप्त होते ही जिला एवं अंचल के आपदा प्रबंधन के उत्तरदायी पदाधिकारी एवं उनकी टीम घटना स्तर पर शीघ्रातिशीघ्र पहुँचेंगे एवं त्वरित गति से पीड़ितों को प्रावधानों के अनुसार अनुमान्य सहाय्य प्रदान करना सुनिश्चित करेंगे। भीषण अग्निकांड होने पर संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारी स्वयं घटनास्थल पर शीघ्रातिशीघ्र पहुँच कर सहाय्य की व्यवस्था करेंगे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार अग्निकांड की आपदा के प्रबंधन के लिये विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई अपेक्षित है। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों के बीच समन्वय की भी आवश्यकता है। सभी पदाधिकारी इसे सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को आम जनता के बीच अग्नि सुरक्षा के लिये लगातार जागरूकता अभियान चलाने का निदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन मुस्तैद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित