, Sept. 19 -- औचक निरीक्षण के जरिए मुख्यालय यह सुनिश्चित कर रहा है कि अंचलों में अभियान की वास्तविक प्रगति क्या है और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने में कहां तेजी लाने की जरूरत है।निरीक्षण के दौरान अंचल कार्यालयों में संचालित ऑनलाइन सेवाओं और अभिलेखागार में अभिलेखों के रखरखाव एवं संधारण की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। इसके साथ ही नवंबर माह में वासविहीन परिवारों को पर्चा निर्गत करने की तैयारियों की समीक्षा की गई।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रख रहा है। औचक निरीक्षण और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूरा कराने तथा आम नागरिकों को जमीन से जुड़ी सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि जमाबंदी सुधार एवं उत्तराधिकार नामांतरण विशेष अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 16 पदाधिकारियों को 32 अंचलों में औचक निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि 31 अक्टूबर तक जमाबंदी की त्रुटियों का सुधार, रिक्त प्रविष्टियों को भरने और लंबित उत्तराधिकार नामांतरण के मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित हो। अंचल कार्यालयों में ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति और अभिलेखों के रख-रखाव की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि अभियान के कार्यों को गंभीरता और जवाबदेही के साथ पूरा करें, जिससे आम लोगों को अपनी जमीन से जुड़े मामलों में अनावश्यक परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित