, Nov. 7 -- पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन एवं पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिये कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था की जाए। घाटों के निकट अनावश्यक वाहन प्रवेश एवं अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं तथा आपातकालीन वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न न हो।संवेदनशील घाटों पर आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित गोताखोरों, बचाव दल एवं आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिये समन्वय किया जाए। आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों की संपर्क विवरणी उपलब्ध रखी जाए।
स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रमुख घाटों पर प्राथमिक उपचार तथा आवश्यकतानुसार एंबुलेंस की उपलब्धता की व्यवस्था की जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं उपयुक्त स्थान पर वस्त्र परिवर्तन कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डूबबा घाट, बेलवा घाट एवं पिपराही पुल घाट सहित नदी किनारे स्थित घाटों पर जलस्तर, बहाव, कटाव एवं किनारों की स्थिति की सतत निगरानी रखी जाए। असुरक्षित हिस्सों को चिह्नित कर वहाँ श्रद्धालुओं का प्रवेश रोका जाए तथा स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी दी जाए।
संबंधित पदाधिकारी स्थानीय छठ पूजा समितियों एवं स्वयंसेवकों के साथ समन्वय स्थापित कर घाटवार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें। स्वयंसेवकों को श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन, स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी समस्या की तत्काल सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिये कि निरीक्षण के दौरान चिह्नित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय में पूर्ण कराया जाए। संबंधित पदाधिकारी स्वयं स्थल पर उपस्थित होकर व्यवस्थाओं का सत्यापन करें तथा अनुपालन की अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराएँ। सुरक्षा एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को समय पर पूर्ण करें।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य दें, बैरिकेडिंग के आगे न जाएँ, बच्चों को जलाशयों के निकट अकेला न छोड़ें तथा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति अथवा समस्या की सूचना तत्काल प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित