, June 24 -- बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि गांव, पंचायत और प्रखंड स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान तभी संभव है जब स्थानीय समुदाय, युवा और खिलाड़ी स्वयं खेल गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़ें। खेल मैदान केवल संरचना नहीं बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों के अभ्यास, प्रतियोगिता और प्रतिभा विकास का केंद्र बनें, इसके लिए जिला खेल पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।खेल गतिविधियों को पंचायत स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स क्लब पोर्टल को 1 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक पुनः खोला जाएगा। इसके माध्यम से ग्राम पंचायत एवं नगर पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक लोग खेल क्लबों के गठन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
पूर्व में स्पोर्ट्स क्लब के लिए 21,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे और इस वर्ष की शुरुआत में चुनाव प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई थी। अब पोर्टल को दोबारा खोलने का उद्देश्य उन क्षेत्रों और खिलाड़ियों को भी अवसर प्रदान करना है जो पहले चरण में इससे जुड़ नहीं पाए थे। इसके माध्यम से पंचायत स्तर पर खेल क्लबों का विस्तार होगा और अधिक से अधिक युवा खेल गतिविधियों से जुड़ सकेंगे।
बैठक में राज्य में व्यापक स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना पर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि 02 अक्टूबर 2026 से दिसंबर 2026 तक राज्यभर में बड़े पैमाने पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन पंचायत स्तर से शुरू होकर चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगा। सबसे पहले ग्राम पंचायत स्तर के खेल क्लबों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, इसके बाद प्रखंड स्तर, जिला स्तर और अंत में राज्य स्तर पर खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा।
इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं कराना नहीं, बल्कि राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में खेल वातावरण तैयार करना, स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान देना और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
जिला खेल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इस आयोजन की तैयारियां तत्काल शुरू कर दी जाएं। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए मैदानों की उपलब्धता, खिलाड़ियों की भागीदारी, खेल सामग्री, आयोजन व्यवस्था और स्थानीय स्तर पर समन्वय की विस्तृत योजना तैयार की जाए।
तैयारियों की प्रगति की समीक्षा जुलाई के मध्य में की जाएगी, जिससे अक्टूबर से शुरू होने वाले इस व्यापक खेल अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सके।
खेल विभाग का लक्ष्य है कि राज्य में खेल केवल शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि गांव-गांव तक पहुंचे और हर स्तर के खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित