पटना , जुलाई 30 -- बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने गुरुवार को कहा कि बिहार खेल नीति, 2026 राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संस्थानों के लिए एक ऐतिहासिक पहल है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में 29 जुलाई को आयोजित मंत्रिपरिषद् की बैठक में बिहार के खेल क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से बिहार खेल नीति, 2026 को स्वीकृति प्रदान की गई।

बिहार के युवाओं में निहित खेल प्रतिभा की पहचान कर उसे प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ', बिहार राज्य खेल छात्रवृत्ति योजना तथा प्रतिभा पहचान कार्यक्रम (मशाल) जैसी अनेक पहलें लागू की गई हैं। राज्य में खेल अवसंरचना, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा खिलाड़ियों के समग्र विकास की आवश्यकता को देखते हुए अब एक समेकित खेल नीति लागू करने का निर्णय लिया गया है।

बिहार खेल नीति, 2026 का उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना, खेल अवसंरचना का सुदृढ़ीकरण करना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। यह नीति बिहार को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार खेल नीति, 2026 राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संस्थानों के लिए एक ऐतिहासिक पहल है।उन्होंने कहा कि यह नीति खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराते हुए खेलों के समग्र विकास का सशक्त आधार तैयार करेगी।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि बिहार में ऐसी खेल संस्कृति विकसित करना है जहाँ प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को प्रशिक्षण, संसाधन और आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों। नई खेल नीति खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल अवसंरचना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन तथा पारदर्शी एवं व्यवस्थित खेल प्रशासन सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीचौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों को विकास के एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार खेल नीति, 2026 के माध्यम से राज्य के खिलाड़ियों को नई ऊर्जा, बेहतर अवसर और उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित