, Oct. 24 -- पटना में खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, डेयरी, फास्ट फूड सेंटर, पैकेज्ड पेयजल इकाइयों और ऑनलाइन खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने वाले स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खराब एवं दुर्गंधयुक्त पनीर, मिठाई, दूध, एक्सपायरी खाद्य सामग्री और अन्य असुरक्षित उत्पाद जब्त कर नष्ट कराए गए। पटना जिले से लगभग 15,340 लीटर पैकेज्ड पेयजल, 3,456 किलोग्राम मिल्क केक, 155 किलोग्राम गुलाब जामुन, 96 किलोग्राम रसगुल्ला, 170 किलोग्राम मिश्रित मिठाई एवं पनीर सहित अन्य खाद्य सामग्रियों पर कार्रवाई का विवरण दर्ज है। इसके अलावा मैदा, आटा, मसाले, ब्रेड, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की गई।पटना के संपतचक, गौरीचक और आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित पैकेज्ड पेयजल इकाइयों की जांच की गई। इस दौरान महादेव इंटरप्राइजेज, त्रिवेणी नीर और अन्य प्रतिष्ठानों से बड़ी मात्रा में पैकेज्ड पेयजल जब्त किया गया। कई इकाइयों में बिना लाइसेंस पानी की पैकेजिंग तथा विभिन्न ब्रांडों के लेबल के इस्तेमाल से संबंधित अनियमितताएं पाई गईं। विभाग ने संबंधित इकाइयों में उत्पादन एवं संचालन बंद कराने के साथ खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला भेजे।

पटना के होटल एवं रेस्टोरेंट में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। होटल गार्गी ग्रैंड, पाटलिपुत्र एग्जॉटिका, द पनाश, होटल मौर्या और अन्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में रसोई की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच से संबंधित कमियां सामने आईं। कुछ स्थानों पर शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए, जबकि कई प्रतिष्ठानों में एक्सपायरी और खराब खाद्य सामग्री मिली। संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।

पटना की मिठाई दुकानों पर भी कार्रवाई की गई। विजय नगर स्थित संतोष स्वीट्स में 3,344 किलोग्राम मिल्क केक और 112 किलोग्राम पेड़ा जब्त करने का विवरण दर्ज है, जिनका अनुमानित मूल्य 5.24 लाख रूपया बताया गया है। हनुमान नगर स्थित गोवर्धन स्वीट्स में 170 किलोग्राम दुर्गंधयुक्त मिठाई एवं पनीर पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा शांतिलाल स्वीट्स, शालीमार स्वीट्स, लड्डू गोपाल स्वीट्स तथा अन्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, पैकिंग एवं भंडारण से संबंधित कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए।

विभाग ने पटना के राजीव नगर, फ्रेजर रोड, एसपी वर्मा रोड, मलाही पकड़ी और परसा बाजार क्षेत्र में भी जांच की। कई प्रतिष्ठानों से जला हुआ तेल, बासी खाद्य सामग्री, खराब पनीर और एक्सपायरी उत्पाद जब्त किए गए। परसा बाजार स्थित मनीषा डेयरी में खाद्य पदार्थों के भंडारण, उपकरणों की सफाई और स्वच्छता संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य संरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित