, Sept. 30 -- शहर में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण के लिये जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से स्थलों की सूची तैयार करने को कहा। उन्होंने ऐसे स्थानों को चिन्हित करने का निर्देश दिया, जहाँ पैदल यात्रियों की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा की दृष्टि से फुट ओवर ब्रिज आवश्यक हैं।साथ ही, सड़कों पर बने पुलों एवं फुट ओवर ब्रिज से जुड़े खराब एस्केलेटरों को तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।बैठक में एसपी ट्रैफिक सागर कुमार ने निर्देश दिया कि अनधिकृत क्रॉसिंग को चिन्हित कर उसे बंद करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अनधिकृत क्रॉसिंग दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं, इसलिए सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से इन पर प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।उन्होंने सड़कों के किनारे बनाए गए पैदल पथ को अतिक्रमणमुक्त कराने का भी निर्देश दिया, जिससे पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन खराब होने, पेड़ गिरने अथवा किसी अन्य कारण से यातायात बाधित होने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। ऐसी परिस्थितियों में बाधा को शीघ्र हटाते हुए सुरक्षित एवं त्वरित यातायात बहाल किया जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति कार्य का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मति से संबंधित कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाए और आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क मरम्मति एवं अनुरक्षण कार्य में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त शुभम कुमार,सभी संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित