पटना , अक्टूबर 23 -- बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्रों में स्थापित करने के लिए आधारभूत संरचना के विस्तार, निवेश अनुकूल नीतियों और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और वर्ष 2025 से अब तक बिहार को 1,21,863 करोड़ रुपये के 1,091 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
उद्योग मंत्री ने आज सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रदेश मेंनिवेश प्रस्ताव के माध्यम से 68,807 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग का लक्ष्य निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारना, स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
सुश्री सिंह ने उद्योग विभाग की वर्ष 2025 से अब तक की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए भूमि उपलब्धता, निवेशक सुविधाओं, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के सशक्तीकरण और नई प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों के विकास की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि राज्य में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए 14,600 एकड़ से अधिक नई औद्योगिक भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके लिए 25 जिलों में 28 स्थलों पर नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।उन्होंने कहा कि बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 से अब तक 521 इकाइयों को 727.02 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। इन इकाइयों से 18,380.25 करोड़ रुपये के निवेश और 49,167 रोजगार अवसरों का प्रस्ताव है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित