पटना, मार्च 13 -- स्पोर्ट्स स्टार एसेस अवार्ड्स 2026 के लिए बिहार को गौरवशाली 'बेस्ट स्टेट प्रमोटिंग स्पोर्ट्स'अवार्ड के लिए चुना गया है, जो बिहार के लिए बहुत गर्व की बात है।

मुंबई में आयोजित एक भव्य आयोजन में बिहार की खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने इस अवार्ड को ग्रहण किया।

खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने बताया कि खेल की प्रतिष्ठित पत्रिका स्टार स्पोर्ट्स के हाथों बिहार सरकार की ओर से इस महत्त्वपूर्ण अवार्ड को ग्रहण करने में वह बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स स्टार खेल के क्षेत्र में ऐसी खेल पत्रिका है, जिसे वह बचपन से पढ़ती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी की तमन्ना होती है कि बेहतर प्रदर्शन के बाद इस पत्रिका में उनका जिक्र हो।

खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में खेल और खिलाड़ियों के सर्वागीण विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता और सकारात्मक प्रयास के परिणाम स्वरुप खेल के क्षेत्र में बिहार में निरंतर विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर सुदृढ़ हो रही राज्य की छवि को ध्यान में रखते हुए ही इस प्रतिष्ठित और मह्त्वपूर्ण अवार्ड के लिए बिहार को चुना गया है, जो हर बिहारवासी के लिए खुशी और गर्व की बात है।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया बेस्ट स्टेट प्रमोटिंग स्पोर्ट्स अवार्ड के लिए बिहार को चुनने का निर्णय सुनील गावस्कर की अध्यक्षता वाली एक जानी-मानी नेशनल जूरी ने किया है, जिसमें अभिनव बिंद्रा, विश्वनाथन आनंद, सुश्री अंजलि भागवत, सुश्री अपर्णा पोपट और एम.एम. सोमैया जैसी जानी मानी खेल जगत की हस्तियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ना सिर्फ पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है बल्कि बिहार के हर खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल से जुड़े सभी को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित भी करता है। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि बेहतर प्रदर्शन से राज्य को भविष्य में खेल जगत की नयी बुलंदियों तक पहुंचाया जाए और भविष्य में ऐसे और भी पुरस्कारों को जीतकर राज्य का नाम रोशन किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित