पटना , अगस्त 21 -- िन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बिहार की अर्थव्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह हास्यास्पद है कि बिहार को वर्षों तक बीमारू राज्य की पहचान देने वाले लोग आज अर्थव्यवस्था पर ज्ञान बांट रहे हैं। डॉ. सुमन ने कहा कि तेजस्वी यादव को पहले यह बताना चाहिए कि बिहार की चिंता उन्हें कितनी है और बिहार की जनता के बीच रहने के लिए कितने दिन का समय उनके पास है। यूरोप की यात्रा और छुट्टियों के बीच बिहार की अर्थव्यवस्था की चिंता करने का यह दिखावा जनता को खूब समझ में आ रहा है।
डॉ. सुमन ने कहा कि जिनके परिवार के शासनकाल में बिहार की पहचान पिछड़ेपन, पलायन, अराजकता और बदहाल बुनियादी ढांचे से होती थी, उन्हें आज विकास और वित्तीय प्रबंधन पर बोलने से पहले अपने शासन का आईना देखना चाहिए। आज बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव आंकड़ों की बाजीगरी कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता अब जमीन पर हो रहा बदलाव देख रही है। बिहार को बीमारू बनाने वालों के मुंह से बिहार की अर्थव्यवस्था पर चिंता सुनना राजनीतिक विडंबना से ज्यादा कुछ नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित