पटना , जुलाई 16 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को राज्य के हाई स्कूलों में 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' की शुरूआत करने के निर्देश दिये हैं।मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर, पटना में आयोजित कार्यक्रम में 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' का शुभारंभ करते हुए राज्य में डिजिटल एवं तकनीक-संचालित शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत की। उन्होंने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित ऑनलाइन कोचिंग क्लासेज के तहत पटना के 10 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों (मॉडल स्कूल) में इंजीनियरिंग (जी) एवं मेडिकल (नीट) प्रवेश परीक्षा के लिये निःशुल्क अनुशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर में बिहार स्मार्ट लाईव क्लास रूम के 'लोगो' का लोकार्पण किया। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बिहार स्कूल लाईव क्लास रूम की पृष्ठभूमि तथा इसके माध्यम से शैक्षणिक कार्यकलाप को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को दिखाया। इस दौरान छात्राओं ने बिहार स्मार्ट लाईव क्लास रूम के तहत पढ़ाई की शुरूआत की। कार्यक्रम के दौरान राजधानी के 10 चयनित मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों को लाइव क्लास व्यवस्था से जोड़ा गया। साथ ही विद्यालय में स्थापित दो अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास रूम तथा इंटरएक्टिव पैनल आधारित आधुनिक शिक्षण व्यवस्था का लोकार्पण किया गया, जिससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी, संवादात्मक और छात्र-केंद्रित बनेगी।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने बॉयोलॉजी लैब, फिजिक्स लैब, आई.एस.एम. लैब, आई.सी.टी. लैब, स्पोर्ट्स रूम, म्यूजिक रूम सहित विभिन्न भागों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से बातचीत की और शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली साथ ही उन्हें प्रोत्साहित करते हुये कहा कि वे सभी मन लगाकर पढ़ें और आगे बढ़ें। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले अभ्यार्थियों को सम्मानित किया गया, इस दौरान उन्हें मुख्यमंत्री ने उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान किया। हॉकी खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाली राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं को मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सम्मानित किया।
राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं को हॉकी किट वितरित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों का भी विद्यार्थियों के लिये महत्व है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता संवर्द्धन को गति देने के लिए शिक्षा विभाग ने 7 स्वयं सेवी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित