पटना , मार्च 31 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश के 1420 मंडलों में दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान का आयोजन करेगी।

श्री सरावगी ने इस अभियान की सफलता के लिए आज प्रशिक्षण टीमों के साथ एक बैठक की और उन्हें संगठन की विचारधारा, नीतियों और आगामी रणनीतियों पर विशेष बल देने की बात करते हुए संगठन की मूल भावना और दिशा के बारे में बताया ।

‎श्री सरावगी ने बैठक में शामिल लोगों से पार्टी की मूल भावना और दिशा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए अधिक प्रभावी भूमिका निभाने पर जोर दिया। उन्होंने संगठन निर्माण, वैचारिक स्पष्टता और कार्यकर्ता प्रशिक्षण को पार्टी की मजबूती का आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं से अनुशासन और सेवा भाव के साथ काम करने की बात कही।

‎भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में सभी टीमों का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि अनुशासन, समर्पण और सक्रिय भागीदारी से ही संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता पर बल देते हुए इसे आवश्यक बताया।

‎श्री सरावगी ने कहा कि प्रशिक्षण से पार्टी के मूल्य, आंतरिक लोकतंत्र और समन्वय की समझ बढ़ती है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को निरंतर सीखने पर जोर देना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ‎ने बताया कि 1420 मंडलों में यह प्रशिक्षण महाअभियान चलेगा, इसके बाद जिलास्तर पर इस अभियान को चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर यह अभियान 24 घंटों का हो रहा है। इस प्रशिक्षण महा अभियान में विभिन्न विषयों पर जैसे पार्टी का इतिहास, पार्टी की विचारधारा, सोशल मीडिया और एआई पर भी अलग-अलग सत्र आयोजित किये जा रंहे हैं।

‎इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसनिया भी मौजूद थे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग के दौरान इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

‎आज की इस वर्चुअल बैठक में पटना, मुंगेर, बेगूसराय, नालंदा, सीमांचल, कोशी, भागलपुर, चम्पारण, सारण, मगध, शाहाबाद, मिथिला और तिरहुत के क्षेत्रीय वर्ग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला प्रशिक्षण टीम के सदस्यों ने भाग लिया। इस बैठक में प्रदेश प्रशिक्षण टीम के सदस्य भी शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित