पटना , फरवरी 24 -- बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि अगले दो महीने के अंदर प्रदेश के ज्यादातर मध्य एवं उच्च विद्यालयों में बालिकाओं की स्वच्छता और सुरक्षा के लिए 'सेनिटरी पैड' वेंडिंग मशीन लगा दी जाएगी।

शिक्षा मंत्री श्री कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की विधायक कोमल सिंह के अल्पसूचित सवाल का जवाब देते हुए कहा कि बिहार सरकार ने सभी स्कूलों में 'वेंडिंग मशीन' के माध्यम से बालिकाओं के लिए 'सेनेटरी पैड' उपलब्ध कराने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कैबिनेट से 40 करोड़ रुपए स्वीकृत किये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस राशि को 'बिहार एडुकेशन प्रोजेक्ट' को हस्तांतरित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है, जिसकी अंतिम तिथि 25 फरवरी है। उन्होंने कहा कि टेंडर की प्रक्रिया के समाप्त होते ही कार्यान्वयन शुरू हो जाएगा और अगले दो महीने में ज्यादातर स्कूलों में बालिकाओं के लिए 'सेनेटरी पैड' की सुविधा उपलब्ध होगी उन्होंने कहा कि कुछ थोड़े स्कूल जो बच जाएंगे, वहां भी यह व्यवस्था शीघ्र स्थापित की जाएगी।

इससे पहले विधायक श्रीमती सिंह ने अल्पसूचित सवाल के माध्यम से स्कूलों में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन के अधिष्ठापन का मामला उठाते हुए कहा कि इस समय बिहार में 76700 विद्यालय हैं, जिनमें 44960 मध्य और उच्च विद्यालय हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल बिहार के सिर्फ 419 विद्यालयों में बालिकाओं को 'सेनिटरी पैड' की सुविधा मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि बहुत से विद्यालयों में 'वेंडिंग मशीन' लगी है लेकिन 'सेनिटरी पैड' की सुविधा नही मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित