पटना , सितंबर 30 -- बिहार सरकार ने राज्य में उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा बुधवार को मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय तथा भागलपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं कंप्यूटर विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन के लिये कुल 68 पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई है।मंत्रिपरिषद से मिली इस मंजूरी पर राज्य के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की मंत्री श्रीमती शीला कुमारी ने कहा है कि बिहार सरकार राज्य के युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कंप्यूटर विज्ञान, वास्तुकला और असैनिक अभियंत्रण जैसे क्षेत्र तेजी से बदलती दुनिया में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।इन क्षेत्रों के लिए समर्पित विश्वविद्यालयों का सुदृढ़ संस्थागत ढांचा तैयार करना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा है कि मंत्रिपरिषद द्वारा दोनों विश्वविद्यालयों के लिए कुल 68 पदों के सृजन की स्वीकृति मिलने से इनके प्रशासनिक संचालन को आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध होगा। सरकार का लक्ष्य ऐसे संस्थानों का निर्माण करना है, जो केवल डिग्री प्रदान करने तक सीमित न रहें, बल्कि उच्च स्तरीय अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और उद्योग-अकादमिक सहयोग के केंद्र के रूप में विकसित हों।

मंत्री ने कहा कि बिहार के प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य में ही आधुनिक एवं उभरते क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुसंधान के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार संस्थागत क्षमता का विस्तार कर रहा है। इन दोनों विश्वविद्यालयों के सुदृढ़ संस्थागत विकास से बिहार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कंप्यूटर विज्ञान, वास्तुकला, असैनिक अभियंत्रण, उभरती प्रौद्योगिकियों, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्रों में शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना है।दोनों विश्वविद्यालय बिहार में भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप उच्च स्तरीय शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित