पटना , मई 09 -- िहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शनिवार को राजगीर स्थित विश्व प्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय के भव्य परिसर का विस्तृत भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, बुनियादी ढांचे और इसके अद्वितीय 'नेट जीरो' पर्यावरण अनुकूल मॉडल की जानकारी प्राप्त करना था।
इस अवसर पर नालंदा के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित शासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय आगमन पर मुख्य सचिव का स्वागत विश्वविद्यालय के वरिष्ठ संकायों द्वारा किया गया।
विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों ने एक विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से मुख्य सचिव को संस्थान के ऐतिहासिक गौरव और वर्तमान शैक्षणिक ढांचे से अवगत कराया। उन्हें बताया गया कि विश्वविद्यालय वर्तमान में ऐतिहासिक अध्ययन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण अध्ययन, और बौद्ध अध्ययन जैसे विभिन्न अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्कूलों का संचालन कर रहा है।
श्री अमृत ने विश्वविद्यालय के अत्याधुनिक पुस्तकालय, सुषमा स्वराज ऑडिटोरियम, योग परिसर और शैक्षणिक ब्लॉकों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राचीन नालंदा की वास्तुकला और आधुनिक तकनीक के अद्भुत संगम की सराहना की। मुख्य सचिव ने विश्वविद्यालय के 6.5 मेगावाट के सौर फार्म, बायोगैस संयंत्र और जल संचयन प्रणालियों में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय का यह 'नेट जीरो' कार्बन फुटप्रिंट मॉडल बिहार के अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित