पटना, सितम्बर 01 -- िहार के रोहतास जिले में सासाराम के समीप कैमूर पहाड़ियों के बीच स्थित मांझर कुंड और धुआं कुंड जलप्रपात प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक परंपराओं का अद्भुत संगम हैं। हरी-भरी पहाड़ियों और प्राकृतिक जलधाराओं के बीच स्थित ये झरने विशेष रूप से मानसून और सावन के महीने में बेहद मनमोहक दिखाई देते हैं।
सासाराम से दक्षिण दिशा में कैमूर पहाड़ियों पर स्थित मांझर कुंड तक पहुंचने के लिए पहाड़ी रास्तों से होकर यात्रा करनी पड़ती है। यहां नदी का पानी लगभग 300 फीट नीचे गिरता है, जो पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। इसके समीप स्थित धुआं कुंड भी अपनी प्राकृतिक छटा और गिरते जल की मनोहारी तस्वीर के लिए जाना जाता है।
मांझर कुंड का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व भी विशेष है।
मान्यता है कि सिखों के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर जी अपने प्रवास के दौरान इस क्षेत्र में आए थे। तभी से यहां सिख समुदाय के लोगों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना और समागम की परंपरा चली आ रही है। प्राचीन परंपराओं के अनुसार, सिख समुदाय के लोग यहां गुरु ग्रंथ साहिब के साथ पहुंचते रहे हैं और मंझर कुंड में कई दिनों तक ठहरकर धार्मिक अनुष्ठान करते थे। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यहां के जल में प्राकृतिक खनिज पाए जाते हैं और इसे स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित