नयी दिल्ली , अगस्त 02 -- युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने बिहार के भागलपुर में छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की जांच के लिए गठित कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के सदस्य के रूप में प्रभावित छात्रों, उनके परिजनों और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की।
श्री चिब ने बताया कि कांग्रेस ने 25 जुलाई को भागलपुर में छात्र आंदोलन के दौरान की गई पुलिस कार्रवाई, दर्ज प्राथमिकी और गिरफ्तारियों की जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की है। श्री चिब समिति के सदस्य के रूप में भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने आंदोलन से प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों से बातचीत की तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
श्री चिब ने बताया कि इस दौरान उन्होंने पाया कि आंदोलन के बाद कई छात्रों के घरों पर पुलिस पहुंची तो बड़ी संख्या में छात्र कार्रवाई के डर से अपने अपने घरों को छोड़ने को मजबूर हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित