पटना , जुलाई 30 -- बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गया और इस दौरान 34.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिये कुल 422 मतदान केन्द्रों पर कुल 3,79,616 मतदाताओं में 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 तृतीय लिंग मतदाता शामिल थे। इनमें से 34.70 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इससे पूर्व नवम्बर 2025 के इस सीट पर हुए विधानसभा चुनाव में 41.35 प्रतिशतमतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। तब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी नितिन नवीन ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद )उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51,936 मतों के अंतर से हराया था।

जन सुराज पार्टी की वंदना कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। उन्हें 7,717 मत प्राप्त हुए थे। आंकड़ों के अनुसार पिछले चुनाव की तुलना में इस बार 6.65 प्रतिशत कम मतदान हुआ।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त हो गया।शांतिपूर्ण मतदान के लिये सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये थे। मतदान में पड़े मतों वाली ईवीएम को राजधानी स्थित ए. एन. कॉलेज के स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की कड़ी निगरानी में की जाएगी।

इस उप निर्वाचन में रिजर्व सहित कुल 569 कंट्रोल यूनिट, 1146 बैलेट यूनिट तथा 617 वीवीपैट का उपयोग हुआ है। आज मॉक पोल के दौरान कुल 15 बैलेट यूनिट, 10 कंट्रोल यूनिट तथा 08 वीवीपैट बदले गये, जबकि मतदान के दौरान 14 बैलेट यूनिट, 07 कंट्रोल यूनिट तथा 09 वीवीपैट बदले गये हैं।

उप निर्वाचन के अवसर पर कुल 30 मॉडल मतदान केन्द्र बनाये गये। साथ ही 01 मतदान केन्द्र पूर्णरूपेण महिलाओं द्वारा एवं 01 मतदान केन्द्र पूर्णरूपेण पीडब्लूडीद्वारा संचालित किया गया।इसके अतिरिक्त कुल 422 मतदान केन्द्रों से लाईव वेबकास्टिंग किया गया है।

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षकों में सामान्य प्रेक्षक 01,अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण के लिये प्रेक्षक 01और पुलिस प्रेक्षक 01 थे।आज मतदान के दौरान विभागीय नियंत्रण कक्ष में कुल 59 शिकायत प्राप्त हुए। उक्त सभी शिकायतों का ससमय निष्पादन कर दिया गया।

राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार,चुनाव को स्वच्छ निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिये 14 कम्पनी (केन्द्रीय बल), 08 कम्पनी बीएसएपी के अतिरिक्त 268 की संख्या में जवान तथा 221 पुलिस पदाधिकारी एवं 998 जिला पुलिस बल के जवान की प्रतिनियुक्ति की गयी थी।

सुरक्षा के साथ-साथ सुविधा के मद्देनजर मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं को कतारबद्ध करने में सहायता के लिये 500 गृहरक्षक बल की भी प्रतिनियुक्ति की गयी।

मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिये मोटर बोट सहित एसडीआरएफ, श्वान दस्ता, बम डिस्पोजल एवं सुरक्षा के अन्य संसाधनों की मुकम्मल व्यवस्था की गयी थी। आपातकालीन सेवा के लिये डायल 112 की ईआरवी वाहन पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किये गये थे।

अवैध एवं अवांछित गतिविधियों पर निगरानी के लिये बनाये गये सभी 85 चेक पोस्टों पर बल की तैनाती कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सुनिश्चित किया गया।

इस दौरान करीब 14.30.418 रूपये मूल्य के 2412.18 लीटर शराब, करीब 39,200 रूपये मूल्य के 01.98 ग्राम मादक पदार्थ तथा 3,95,000 रूपये की नकद राशि बरामद की गई है।

सम्पूर्ण चुनावी प्रक्रिया के दौरान पुलिस द्वारा असमाजिक एवं चुनाव को प्रभावित करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी गयी तथा ऐसे लोगों की पहचान कर 2454 व्यक्तियों के विरूद्ध विधि-सम्मत तरीके से निरोधात्मक कारवाई की गई।

विधानसभा उप-चुनाव को दृष्टिगत रखते हुये पुलिस ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ गैर जमानतीय वारंट/इश्तेहार एवं कुर्की जप्ती कातामिला के लिये अभियान चलाया, जिसमें चुनाव की घोषणा से लेकर अबतक कुल 998 गैर जमानतीय वारंटों का निष्पादन किया जा चुका है।

सोशल मीडिया के माध्यम से फेक न्यूज/अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी गयी तथा सोशल मीडिया हैण्डल के माध्यम से 24x7 लगातार निगरानी कर गलत खबरों का त्वरित रूप से खंडन किया गया।

02.07.2026 से 29.07.2026 तक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित कुल 05 मामले दर्ज किये गये।

30.07.2026 को अबतक प्राप्त जानकारी के अनुसार 39 व्यक्तियों को गिरफ्तार/निरूद्ध किया गया है।

इस उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नीरज सिन्हा,राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार रेखा गुप्ता जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर समेत 25 उम्मीदवारों का भाग्य आज मतपेटी में बंद हो गया।

गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट से उनके इस्तीफे के कारण यह उपचुनाव कराया गया है। मतगणना तीन अगस्त को होगी, जबकि चुनाव प्रक्रिया चार अगस्त तक पूरी कर लीजायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित