पटना , जून 11 -- बिहार के पांच कलाकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया है। इस उपलब्धि पर बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी चयनित कलाकारों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।मंत्री ने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का विषय है कि राज्य की विभिन्न कला विधाओं से जुड़े कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान न केवल कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हैं, बल्कि स्थानीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बताया कि संगीत नाटक अकादमी ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए अपने प्रतिष्ठित रत्न फेलोशिप पुरस्कारों तथा उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कारों की घोषणा की है। इन सम्मानों के लिए बिहार के पांच कलाकारों का चयन किया गया है।

चयनित कलाकारों में संगीत के क्षेत्र से महेंद्र राम, अभिनय के क्षेत्र से सुरेश कुमार हज्जू, रंगमंच के क्षेत्र से शिवनारायण झा 'कुणाल', लोक संगीत के क्षेत्र से मनीषा श्रीवास्तव तथा उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार (युवा संगीत) के लिए रोहित चंद्र का चयन किया गया है।

डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार की प्रतिभाएं देशभर में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मान युवा कलाकारों को कला और संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा तथा राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को और मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने चयनित कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार कला और संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन तथा कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित