पटना , मई 21 -- बिहार खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने गुरुवार को कहा कि युवा और ऊर्जावान अधिकारियों के जुड़ने से राज्य के खनन प्रशासन को मजबूती मिलेगी तथा विभाग में पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। खान एवं भूतत्व विभाग, बिहार सरकार में आज नव-नियुक्त आठ खनिज विकास पदाधिकारियों ने योगदान समर्पित किया।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को "शुभकामना पत्र" भी वितरित किया।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य सरकार और खान एवं भूतत्व विभाग नव नियुक्त पदाधिकारियों को हरसंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन देने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने अधिकारियों से निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए बिहार तथा विभाग का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि बिहार खनिज संसाधनों की दृष्टि से समृद्ध राज्य है और खनन क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है। ऐसे में नव नियुक्त पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे पारदर्शिता, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित