नयी दिल्ली , मार्च 18 -- राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका स्थित यशोभूमि में 19 से 22 मार्च तक होने वाले भारत विद्युत शिखर सम्मेलन 2026 में बिहार एक 'फोकस स्टेट' के रूप में सहभागिता करेगा और राज्य के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव गुरुवार को बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (बीएसपीएचसीएल) का उद्गाटन करेंगे।

सम्मेलन में बिहार सरकार का ऊर्जा विभाग राज्य के बिजली क्षेत्र में हुए 'कायाकल्प' को प्रदर्शित करेगा , जो नवाचार, समावेशन और निवेश पर केंद्रित है।यहां पर बिहार की प्रमुख ऊर्जा उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जायेगा , जिसमें नवादा, बांका और सिवान में प्रस्तावित परमाणु बिजली घर की प्रदर्शनी भी शामिल है। भागलपुर (पीरपैंती) में 2400 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना तथा राज्य में 500 मेगावाट का सोलर बिजली घर को भी प्रदर्शित किया जायेगा।

बिहार के ऊर्जा सचिव एवं बीएसपीएचसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने इस भागीदारी की रूपरेखा तैयार की है। राज्य सरकार इस सम्मेलन का इस्तेमाल बिहार के लिए अपने ऊर्जा बुनियादी ढांचे, बिजली की खपत में वृद्धि और आने वाले समय में ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए की गई तैयारियों को राष्ट्रीय स्तर पर रखने का एक मंच के तौर पर कर रही है।

बीएसपीएचसीएल के स्टॉल का उद्घाटन के अवसर पर श्री यादव के साथ बिहार के मुख्य सचिव सहित कई अन्य आला अधिकारी मौजूद रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित