पटना , अक्टूबर 16 -- बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के नेता एजाज अहमद ने राज्य की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों को स्वीकार कर लिया है और अब उन्हें कि इन खामियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

श्री अहमद ने आज जारी बयान मेंकहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने बिहार के सरकारी अस्पतालों और डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर जो सवाल उठाए थे, मुख्यमंत्री के बयान से उन मुद्दों पर चर्चा और जरूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था और डॉक्टरों पर 700 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद मरीजों को समय पर डॉक्टर, अस्पतालों में बिस्तर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाती हैं।

राजद नेता ने दावा किया कि निजी अस्पतालों की व्यवस्था के लिए 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं और वहां डॉक्टरों से लेकर अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध रहती हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था की कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करना आवश्यक है।

श्री अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री को स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री की जवाबदेही तय करने और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की। साथ ही, उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित