पटना , मार्च 10 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता हिमराज राम एवं परिमल कुमार ने मंगलवार को कहा कि बिहार की समृद्धि और सर्वांगीण विकास ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्राओं का एकमात्र उद्देश्य है।
जदयू के प्रवक्ता श्री राम और श्री कुमार ने आज संयुक्त बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार द्वारा बिहार में की जा रही यात्राओं का एकमात्र उद्देश्य राज्य की समृद्धि, विकास और जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान ''समृद्धि यात्रा'' से पहले भी मुख्यमंत्री श्री कुमार राज्य के विभिन्न हिस्सों में 15 यात्राएं कर चुके हैं। इन यात्राओं के दौरान उन्होंने स्वयं विभिन्न जिलों में पहुंचकर विकास योजनाओं का निरीक्षण किया, नई योजनाओं का शिलान्यास किया तथा अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। न्याय यात्रा, विकास यात्रा, प्रवास यात्रा जैसी पहलों के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री कुमार ने सीधे जनता से संवाद स्थापित किया।
जदयू नेताओं ने कहा कि इन यात्राओं के दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री श्री कुमार की इस पहल से बिहार में विकास की एक नई कहानी लिखी गई और प्रशासनिक व्यवस्था भी जनता के प्रति अधिक जवाबदेह बनी।उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 में आयोजित ''प्रगति यात्रा'' के दौरान भी मुख्यमंत्री श्री कुमार ने राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा किया और सैंकड़ों विकास परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की। इनमें से कई योजनाएं अब पूरी हो चुकी हैं और वर्तमान समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार इन परियोजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं।
श्री राम और श्री कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की इन यात्राओं का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य महिलाओं का सशक्तिकरण रहा है। उन्होने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना श्री कुमार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विभिन्न जिलों में यात्राओं के दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार ने विशेष रूप से जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए करोड़ों रुपये की सहायता भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास और समृद्धि के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित