पटना , मई 19 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को बिहार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर चिंता जताई और कहा कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर चुनाव जीतने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार प्रदेश में औरतों के खिलाफ हो रहे अपराध के नियंत्रण में पूरी तरह विफल रही है।
श्री यादव ने आज संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि बिहार चुनाव के दौरान महिला सशक्तिकरण का झूठा नारा दे कर वोट ठगने के लिए उन्हें 10 हजार रुपये दिए गए और सभी महिलाओं को भविष्य में दो लाख रुपये देने का वादा किया गया। उन्होंने कहा कि दो लाख देने का वादा ठंडे बस्ते में चला गया है और वोट खरीदने के लिए पैसे उड़ेलने की वजह से प्रदेश का खजाना खाली हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास योजनाएं ठप्प पड़ी हुई हैं और सरकार के पास शासन कार्यों तथा समय से कर्मचारियों की तनख्वाह देने के लिए पैसा नही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बिगड़ी आर्थिक हालत से निपटने के लिए कुल 71 हजार करोड़ के ऋण की व्यवस्था की गई है और प्रदेश लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के तमाम बड़े बड़े दावों के बावजूद प्रदेश में महिलाओं के साथ दुष्कर्म और अपराध की घटनाएं थमने का नाम नही ले रही हैं। उन्होंने पिछले एक महीने में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के खिलाफ हुए दुष्कर्म का विवरण दिया और कहा कि यह रोजमर्रा की सच्चाई है, जिससे सरकार मुंह नही मोड़ सकती है।
श्री यादव ने कहा कि हमारे देश मे महिलाओं का स्थान देवीरूपा है। उन्होंने कहा कि हमारा समाज महिलाओं में मां दुर्गा, मां सरस्वती और छठी मैया को देखता है, लेकिन प्रदेश में दुष्कर्मो की सीरीज ने उस छवि को धूमिल किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित