पटना , मई 20 -- जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बुधवार को कहा बिहार की नव निर्वाचित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) अपने कार्यकाल के पहले 6 महीनों में युवाओं, महिलाओं और मजदूरों की उम्मीदों पर खरी नही उतरी है और प्रदेश में समाज के सभी तबके के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
श्री भारती ने आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने बिहार की नई नवेली राजग सरकार को छह महीने का शालीन समय दिया था और उम्मीद जताई थी कि उसके नुमाइंदे अपने वादों के अनुरूप कार्य प्रारंभ करेंगे।
जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उम्मीद के विपरीत राजग सरकर चुनाव के समय जनता से किए गए बड़े-बड़े वादों से मुकर गई है और जमीनी हकीकत कुछ और दिख रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 5 साल में 1 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। इसका मतलब था कि प्रतिदिन लगभग 5476 युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था। सरकार बनने के 6 महीने बाद तक लगभग 9.85 लाख नौकरियां मिल जानी चाहिए थी, लेकिन आज भी बिहार का युवा बेरोजगारी और पलायन के लिए मजबूर है। बिहार में केवल 25% मजदूरों को राज्य में काम मिल पा रहा है, जबकि 71% मजदूर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। यह सरकार की रोजगार नीति की सबसे बड़ी विफलता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित