पटना , जुलाई 08 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को कहा कि प्रदेश की नर्सरियां आने वाले समय में गुणवत्ता, नवाचार और रोजगार का राष्ट्रीय केंद्र बनेंगी।श्री सिन्हा ने आज नर्सरियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण, तकनीक-सक्षम एवं राष्ट्रीय स्तर का पहचान दिलाने के उद्देश्य से कृषि विभाग के सभागार में राज्य के नर्सरी संचालकों, किसानों, उद्यमियों एवं अन्य हितधारकों के साथ विस्तृत संवाद किया।
बैठक में नर्सरी क्षेत्र के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन, आधुनिक तकनीकों के विस्तार, प्रमाणन व्यवस्था तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
मंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार बिहार की नर्सरियों को केवल पौध उत्पादन का केंद्र नहीं, बल्कि रोजगार सृजन, उद्यमिता, हरित अर्थव्यवस्था और किसानों की आय वृद्धि का मजबूत आधार बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि बागवानी क्षेत्र में बिहार के पास असीम संभावनाएं हैं और यदि गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन एवं आधुनिक प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाए तो राज्य राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकता है।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और सुधार आधारित सुशासन की भावना के अनुरूप सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिसमें लोगों को दंडित करने के बजाय स्वयं सुधार करने का अवसर मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति या संस्था नियमों का पालन करेगी, उसे सरकार हरसंभव सहयोग देगी, जबकि बार-बार नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित