पटना , मई 25 -- िहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक 'पदमश्री' से बिहार की तीन महान हस्तियों प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. गोपाल त्रिवेदी ,लोक नृत्य गुरु विश्वबंधु और भोजपुरी लोक संगीत के दिग्गज भरत सिंह भारती को सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। डॉ. प्रेम कुमार ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सम्मानित विभूतियों, उनके परिजनों और समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अध्यक्ष ने कहा कि लोक नृत्य गुरु विश्वबंधु को मरणोपरांत और भोजपुरी संगीत मनीषी भरत सिंह भारती को मिला यह सम्मान नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और लोक संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देगा, वहीं डॉ. गोपाल त्रिवेदी को मरणोपरांत मिला सम्मान राज्य में कृषि विकास के नए प्रतिमान स्थापित करेगा। उन्होंने इस गौरवपूर्ण निर्णय के लिए केंद्र सरकार और राष्ट्रपति के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह संपूर्ण बिहार के लिए अत्यंत गौरव और भावुक करने वाला क्षण है। उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति और कृषि विज्ञान के क्षेत्र में इन तीन विभूतियों का योगदान अद्वितीय है। देश स्तर पर मिला यह सर्वोच्च सम्मान उनकी दशकों की साधना, तपस्या और बिहार की मिट्टी के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित